27 C
लखनऊ, उ.प्र.
17/09/2024
वंदे भारत | ख़ास खबरें | उत्तर प्रदेश
क्राइमपॉलिटिक्सब्रेकिंग न्यूज़सुर्खियांसुल्तानपुर न्यूज़

सुल्तानपुर में अराजकतत्वो ने किया महात्मा गांधी की प्रतिमा खंडित: समाजसेवी ने कार्रवाई के लिए दिया एप्लिकेशन, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बोले-भारत में गांधी के विचारों की हत्या करने वाली विचारधारा कर रही राज

रिपोर्टर आशुतोष मिश्र सुल्तानपुर 9415049256

 

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को हाइवे किनारे मोतिगरपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत हरसायन नागापुर के छेदुवारी गांव के पास खंडित कर दिया। इससे आम जनमानस में आक्रोश है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक ने निंदा करके इतिश्री कर लिया है। जिस पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने तंज कसा है। वही एसडीएम जयसिंहपुर के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। क्षेत्रीय निवासी अमरजीत पांडेय ने आगे बढ़कर तहरीर दी है।

 

लखनऊ-बलिया हाइवे के किनारे ग्राम पंचायत हरसायन नागापुर के छेदुवारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 28 वर्ष पुरानी प्रतिमा को अराजकतत्वों ने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। हाईवे से यात्रा कर रहे कुछ लोगों ने विखंडित प्रतिमा को देखकर मामले की जानकारी लोगों को दी। जिसके बाद लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली। सूचना के काफी देर बाद जब मोतिगरपुर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की शिकायत एसडीएम जयसिंहपुर संतोष कुमार ओझा से की। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मोतिगरपुर तरुण कुमार पटेल ने बाजार से कपड़ा मंगाकर मूर्ति को ढक दिया।

वर्ष 1996 में गांव के आधा दर्जन लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा लखनऊ-बलिया हाइवे के किनारे स्थापित की थी। प्रतिवर्ष 2 अक्टूबर को ब्लॉक प्रमुख और स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ ग्रामीण गांधी जयंती मनाते हुई प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके त्याग और बलिदान को याद करते हैं। ग्राम पंचायत द्वारा मूर्ति स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाना था। जिसका काम एक-दो दिन में ही शुरू होना था कि इसी बीच सोमवार की रात अराजकतत्वों ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा को पूरी तरह से विखंडित कर दिया। सिर, हाथ और बापू की लाठी को बुरी तरह से तोड़ा गया है।

मोतिगरपुर के अमरजीत पांडे ने इस बाबत थाने पर शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि दियरा चौराहे से लगभग 300 मीटर श्रीराम नगर चौराहा रोड के किनारे गांधीजी की प्रतिमा लगी है, पिछले कई वर्षों से वहां की साफ सफाई देख देख हमारी संस्था करती आ रही है। कुछ लोगों की मदद से गांधी जी की टूटी हुई प्रतिमा को बनवाया भी गया था। 2 अक्टूबर के पहले वहां साफ सफाई करते हुए गांधीजी की जयंती पर वहां कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। 16 /9 /2024 को रात्रि में कुछ अराजकतत्वों ने गांधीजी की मूर्ति को तोड़ दिया है जिससे हमारी टीम और यहां के जनमानस में आक्रोश है। तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपियों को जेल भेजते हुए उपरोक्त पर कार्यवाही की जाए।

वही कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि इसी जगह पर एक महीने पहले राष्ट्रपिता की प्रतिमा का हाथ तोड़ा गया था। कादीपुर विधायक और सदर विधायक को नहीं दिखा तो हम लोगों ने कलेक्टर से बात की तब जाकर प्रतिमा की मरम्मत कराई गई। आज फिर उसी स्थान पर प्रतिमा खंडित की गई है इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने प्रतिमा की मरम्मत की मांग किया है। इस क्रम में सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने कहा गांधी जी किसी पार्टी से जुड़े लोगों में नहीं हैं। उनको राष्ट्रपिता की उपाधि मिली है, जिन लोगों ने ये कृत्य किया है वो निंदनीय है, मैं प्रशासन से मांग करता हूं ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें दंडित किया जाए।

इस संदर्भ में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनूप संडा ने कहा है कि महात्मा गांधी की मूर्ति खंडित की गई है, निश्चित तौर पर ये घटना निंदनीय और घृणित है। महात्मा गांधी भारत ही नहीं पूरी दुनिया के एक ऐसे महापुरुष हैं जिनकी मूर्तियां दुनिया के 85 से ज़्यादा देशो में लगी हुई हैं। भारत में एक ऐसी विचारधारा राज कर रही है जो गांधी के विचारों की हत्या करना चाहती है। ऐसे समय में ये बात सोचनी पड़ती है कि अगर महात्मा गांधी की प्रतिमा को किसी ने मूर्ति खंडित की है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। मुझे बताया गया वहां अभी तक किसी जिम्मेदार ने एफआईआर तक नहीं कराया है मात्र निंदा करने से कुछ नहीं होता है। कोई उस क्षेत्र का जनप्रतिनिधि है तो स्वयं ऐसी घटनाओ पर आगे बढ़कर प्राथमिकी दर्ज कराए। पुलिस को सख्त निर्देश होना चाहिए कि जिन अराजकतत्वो ने महात्मा गांधी की मूर्ति को खंडित किया है उन पर कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हो रहा है तो माना जाएगा सत्ता भी अराजकतत्वो को संरक्षण दे रही है।

Related posts

सुल्तानपुर से सपा सांसद राम भुआल का विवादित बयान: खिसयानी बिल्ली से किया मेनका गांधी की तुलना, अपने विरुद्ध रिट फाइल होने पर दिया बयान

खुल गया सवा करोड़ का डिप्टी एसपी दफ्तर ‘लोकार्पण’ में नहीं पूछे गए सत्ताधारी विधायक-जनप्रतिनिधि !

अमेठी के जिला पंचायत सदस्य की सुल्तानपुर में धुनाई, वीडियो वायरल